देहरादून। देहरादून में व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने संचालन का संकट खड़ा हो गया है। हालात यह हैं कि कई प्रतिष्ठानों में गैस का मौजूदा स्टॉक तेजी से कम हो रहा है। अगर जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो भोजनालयों के नियमित संचालन में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखने लगा है। इसका प्रभाव देहरादून में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। इसका असर न केवल होटल-रेस्टोरेंट पर पड़ रहा है बल्कि घरेलू गैस की उपलब्धता भी प्रभावित होने लगी है।
गैस की अनिश्चित आपूर्ति के बीच होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। कई संचालकों ने इंडक्शन चूल्हे मंगा लिए हैं, जबकि कुछ प्रतिष्ठान जल्द ही इन्हें इस्तेमाल में लाने की योजना बना रहे हैं। संचालकों का कहना है कि फिलहाल उपलब्ध स्टॉक के चलते स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन यदि व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति जल्द शुरू नहीं हुई तो परेशानी बढ़ सकती है।
रेस्टोरेंट संचालकों के मुताबिक, इंडक्शन चूल्हे अस्थायी समाधान हो सकते हैं, लेकिन बड़े स्तर पर खाना बनाने के लिए गैस सिलिंडर ही सबसे उपयुक्त विकल्प है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति जल्द से जल्द शुरू कराई जाए, ताकि होटल और रेस्टोरेंट का संचालन प्रभावित न हो और ग्राहकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
