गैरसैंण। (भराड़ीसैंण) में उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। पांच दिवसीय इस सत्र में धामी सरकार अपना आम बजट पेश करेगी, जिसे चुनावी साल के मद्देनजर खास माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक इस बार के बजट में युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं देखने को मिल सकती हैं।

सरकार का फोकस महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और किसानों की आय बढ़ाने पर रहने की संभावना है। बजट में महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी नई योजनाएं लाने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने पर जोर दिया जा सकता है।

वहीं युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाओं को बढ़ावा देने की घोषणा भी संभव है, ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिल सके।

कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भी सरकार कई कदम उठा सकती है। जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम, कृषि उपकरणों, बीज और अन्य संसाधनों पर सब्सिडी बढ़ाने जैसी घोषणाएं बजट में शामिल हो सकती हैं। साथ ही बागवानी और पारंपरिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए नई योजनाएं लाने पर भी विचार किया जा सकता है।

इस पांच दिवसीय सत्र के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समेत आठ से अधिक विधेयक और अध्यादेश सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों और आयोगों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भराड़ीसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने उनसे मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भी भेंट की। विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि बजट ऐसा होगा जो महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए खास होने के साथ ही गरीब उन्मूलन की दिशा में भी प्रभावी कदम साबित होगा।