हल्द्वानी। नवाबी रोड क्षेत्र में मानसिक रूप से दिव्यांग 35 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का ऑटो भी सीज कर दिया है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार नवाबी रोड निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच मार्च की रात करीब डेढ़ बजे एक युवक युवती के घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कालाढूंगी के नयागांव निवासी करन आर्या के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कच्चे मकान की ईंट निकालकर घर के अंदर प्रवेश किया था।
स्थानीय पार्षद रवि जोशी के अनुसार पीड़िता घर में अकेली रहती है और मोहल्ले के लोग ही उसकी देखभाल करते हैं। रात के समय उसकी सुरक्षा के लिए कमरे को बाहर से ताला लगा दिया जाता है ताकि कोई अज्ञात व्यक्ति अंदर न घुस सके। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
