हरिद्वार। हरिद्वार जिले के लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना से गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम को मिली फोन कॉल के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। जीआरपी और आरपीएफ ने बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) के साथ स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, टिकटघर और यार्ड समेत सभी संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही ट्रेनों की भी तलाशी ली गई। एहतियातन रुड़की सहित डौसनी, लंढौरा, ऐथल, पथरी और रायसी रेलवे स्टेशनों को भी अलर्ट कर दिया गया।
एसपी रेलवेज अरुणा भारती के निर्देश पर चलाए गए इस व्यापक अभियान के दौरान कई घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि लंबी छानबीन के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला, जिससे पुलिस और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इसी बीच पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कार्रवाई भी जारी रखी। जांच के बाद आरोपी की पहचान कुलबीर निवासी खानपुर थाना खानपुर के रूप में हुई। लक्सर जीआरपी थानाध्यक्ष रचना देवरानी के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया, जिससे कॉल की गई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि झूठी सूचना देकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
