बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिला से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बैजनाथ थाना क्षेत्र के जैसर गांव में 21 दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने हत्या का रूप ले लिया है। आरोप है कि मां ने ही अपनी मासूम बेटी की गला मरोड़कर हत्या कर दी। सास-ससुर की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है, जबकि महिला ने भी अपने सास-ससुर पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
घटना 10 फरवरी की रात की बताई जा रही है। जैसर गांव निवासी केशर सिंह कोरंगा के परिजन बच्ची को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों को बच्ची की मौत संदिग्ध लगी और गले पर निशान पाए जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मौत प्राकृतिक नहीं थी। मेडिकल जांच में गर्दन पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची की मौत गर्दन मरोड़ने या जमीन पर पटकने से हुई हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी।
मंगलवार को बच्ची के दादा केशर सिंह कोरंगा ने अपनी बहू दीपा देवी के खिलाफ लिखित तहरीर दी। शिकायत में आरोप है कि परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए थे, तभी घर पर मौजूद दीपा ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि महिला की लव मैरिज हुई थी और उसका पति विदेश में निजी नौकरी करता है। परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसकी काउंसलिंग भी हो चुकी थी।
बैजनाथ थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आरोपी मां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
