देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की और कहा कि पार्टी किसी भी प्रकार की हिंसा और अराजकता के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं को उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ से इस प्रकरण को लेकर शीघ्र जवाब तलब करेगी और घटना से जुड़े सभी परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी ली जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ पार्टी सख्त कार्रवाई के पक्ष में है। साथ ही शिक्षकों से संयम बरतने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना का बोर्ड परीक्षाओं पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला है।
घटना के बाद शिक्षकों, कर्मचारियों और आम जनता में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की है। राजकीय शिक्षक संघ के रायपुर ब्लॉक अध्यक्ष रामेंद्र राणा ने इसे निंदनीय और आपराधिक कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा संगठन उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
इस बीच, कालीमंदिर क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विधायक का पुतला जलाया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
