कोटद्वार। कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद हालात सामान्य होने लगे थे, लेकिन एक नए वायरल वीडियो ने फिर से हलचल बढ़ा दी है। इस वीडियो में हिंदू रक्षा दल ने जिम संचालक दीपक कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए बृहस्पतिवार को कोटद्वार पहुंचने की घोषणा की है। संगठन ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अपने कार्यकर्ताओं से कोटद्वार पहुंचने का आह्वान किया है, जिससे क्षेत्र में तनाव की आशंका बढ़ गई है।
वायरल वीडियो में संगठन के कार्यकर्ताओं ने दीपक कुमार पर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराने की बात कही है। वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के क्षेत्र में प्रवेश को लेकर सख्त निगरानी शुरू कर दी गई है।
एएसपी कोटद्वार चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश से सटी उत्तराखंड सीमा पर रोजाना रूटीन चेकिंग की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने और समाज विरोधी या भड़काऊ सामग्री के प्रसार से बचने की अपील की।
इस बीच पूर्व सैनिकों सहित कई स्थानीय संगठनों ने भी बाहरी लोगों के हस्तक्षेप पर चिंता जताते हुए मांग की है कि कोटद्वार में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
