देहरादून। राजधानी देहरादून के मांडूवाला-डूंगा रोड स्थित एक कैफे में देर रात महिला संचालक के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है।

आरोप है कि उधार में सिगरेट और तंबाकू देने से मना करने पर शराब के नशे में धुत युवकों ने हंगामा किया, महिला के साथ अभद्रता की और बीच-बचाव करने आए ग्राहकों पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता अंजली ने प्रेमनगर थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 जनवरी की रात करीब 11 बजे कुछ युवक कार से कैफे पर पहुंचे और उधार में सामान मांगने लगे। जब उन्होंने इनकार किया तो युवक गाली-गलौज करने लगे और कथित तौर पर उनके कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर बाहर मौजूद ग्राहकों ने विरोध किया, जिस पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता के अनुसार, एक युवक ने लोहे की रॉड से एक ग्राहक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। स्थिति बिगड़ते देख महिला ने खुद को और ग्राहकों को कैफे के अंदर बंद कर लिया और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

महिला का आरोप है कि आरोपी युवक पहले भी कई बार शराब के नशे में उधार मांगने आते थे और मना करने पर धमकी देते थे। इस घटना के दौरान भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।

प्रेमनगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।