कोटद्वार। कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चा में आए मोहम्मद दीपक (दीपक कुमार) को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने वालों ने दीपक की हत्या पर दो लाख रुपये का इनाम रखने की बात भी कही है।
इस संबंध में दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष, निवासी मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस प्रकरण को लेकर जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर दीपक कुमार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। संगठन के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने पत्र में बताया कि 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान दीपक कुमार ने बीच-बचाव कर व्यापारी की जान बचाई थी। इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनकी सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 31 जनवरी को दून और हरिद्वार से बड़ी संख्या में लोग कोटद्वार पहुंचे और दीपक कुमार के जिम में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। जमीअत ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि हिंसा के खिलाफ खड़े होकर सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का परिचय देने वाले नागरिक को निशाना बनाया जाना देवभूमि की शांत छवि को धूमिल करता है।
जमीअत के उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से मांग की है कि दीपक कुमार को तत्काल सुरक्षा दी जाए और जिम में तोड़फोड़ का प्रयास करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
