देहरादून। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी टिकट उसी उम्मीदवार को दिया जाएगा, जो जीतने की क्षमता रखता हो। रावत ने चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का नाम लेकर यह दावा कर रहे हैं कि उनका टिकट फाइनल हो गया है, जबकि टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है।
डॉ. रावत का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हर कोई यह कह रहा है कि उसका टिकट तय है, लेकिन यह तय कैसे हो गया, यह समझ से बाहर है। पार्टी ने उन्हें प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी सौंपी है और वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्पक्षता से निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि उनके पास टिकट के लिए कई सिफारिशें आ रही हैं, लेकिन पार्टी केवल उन्हीं नेताओं को टिकट देगी, जो चुनाव जीतने का दम रखते हों, चाहे वे किसी बड़े नेता के करीबी ही क्यों न हों। रावत ने यह भी कहा कि वे पार्टी के सिपाही हैं और यदि किसी सीट से कोई उम्मीदवार नहीं मिलेगा तो वे खुद चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा पार्टी के लिए दरी बिछाने और नारे लगाने का काम करेंगे।
इसके अलावा, उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा गोदियाल और ज्योति रौतेला के समर्थन में नारे लगाने को पार्टी और महिलाओं के समर्थन से जोड़ा। रावत ने कहा कि गोदियाल के लिए नारे लगाना पार्टी के लिए नारे लगाने के बराबर है और ज्योति रौतेला के समर्थन से महिलाओं का समर्थन मजबूत होगा।
