देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डालनवाला पुलिस थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की जमीनी हकीकत को परखा। निरीक्षण के दौरान थाने में सफाई व्यवस्था की बदहाली, कारागार (लॉकअप) में गंदगी और अव्यवस्था पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। वहीं, एसएचओ मनोज मैनवाल को मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना के बावजूद लंबे समय तक थाने से नदारद पाए जाने पर उन्हें तत्काल लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए गए। मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क, एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने लंबित मामलों की स्थिति जानी और थाने में मौजूद फरियादियों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। इसके साथ ही चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था और सत्यापन अभियान में बरती जा रही ढिलाई पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने एसएसपी को इन मामलों में विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं।

एसएसपी अजय सिंह को थाने में तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने और मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी बैठकों के बाद बिना पूर्व सूचना के थाने पहुंचे थे, जिससे पुलिस व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आ सकी।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।