चमोली जिले में बद्रीनाथ के पास माणा में आए एवलांच के बाद मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन दूसरे दिन दिन भी जारी है। सेना ने सुबह साढ़े सात बजे से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हालातों का जायजा लेने के लिए सीएम धामी ग्राउंड जीरो पर पहुंचे हैं।
माणा में ग्रााउंड जीरो पर पहुंचे सीएम धामी
सीएम धामी माणा में हुए हिमस्खलन के बाद हालातों का जायजा लेने के लिए ग्राउंड जीरो पर पहुंच गए हैं। सीएम ने हिमस्खलन क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद सीएम ने राहत एवं बचाव कार्य शीघ्र और प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
जोशीमठ पहुंच सीएम ने जाना घायलों का हाल
हवाई निरीक्षण करने के बाद सीएम धामी जोशीमठ आर्मी हेलीपेड पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू कर यहां लाए गए घायलों का हालचाल जाना। माणा में हुए एवलांच के रेस्क्यू ऑपरेशन को ध्यान में रखते हुए आज जीओसी इन सी सेंट्रल कमांड, ले जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, जीओसी उत्तर भारत एरिया और डीजीबीआर भी माणा पहुंचने वाले हैं।
अब तक 47 मजदूरों को किया गया रेस्क्यू
माणा में हिमस्खलन के बाद बर्फ में फंसे 47 मजदूरों को रेस्क्यू कर लिया गया है। जबकि आठ मजदूरों की तलाश अब भी जारी है। माइनस 12 डिग्री टेम्परेचर में भी सेना के जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। इसी बीच हिमस्खलन में प्रभावित हुए मजदूरों की सूची भी जारी कर दी गई है।