रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर से दो नाबालिग बहनों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों बहनें गुरुवार सुबह घर से बिना किसी को बताए निकल गईं। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पुलिस को दी गई तहरीर में पिता ने बताया कि उनकी 13 और 16 वर्षीय बेटियां सुबह करीब नौ बजे घर से निकल गईं। घर से जाते समय वे अपने साथ एक मोबाइल फोन और दो लैपटॉप भी ले गईं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने सभी संभावित स्थानों पर बच्चियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। उन्हें आशंका है कि दोनों किसी के बहकावे या प्रभाव में आकर घर से गई हैं। किसी अप्रिय घटना की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
मामले की सूचना मिलते ही पंतनगर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल फोन की लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों बहनों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही परिजनों, दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को दोनों बच्चियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने या पंतनगर पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोनों नाबालिगों की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

