चमोली। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर कर्णप्रयाग क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों और कुछ श्रद्धालुओं के बीच हुआ विवाद अब कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रहा है। मामले में गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों को शनिवार को न्यायालय से जमानत मिल गई। वहीं, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए, जिसके बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के संबंधित लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार किया। प्रशासन ने शुरुआत से ही स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई। प्रशासन ने नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण का भी शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करते हुए यह ध्यान रखा कि हेमकुंड साहिब यात्रा और अन्य धार्मिक गतिविधियां किसी प्रकार प्रभावित न हों।

शनिवार को न्यायालय से आरोपितों को जमानत मिलने के बाद अब मामले की आगे की सुनवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।