श्रावस्ती। श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र के लियाकत पुरवा गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से गांव में हड़कंप मच गया है। मृतकों में पति, पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।

घटना की जानकारी के अनुसार, लियाकत पुरवा निवासी रोज अली (32) पुत्र शमशुल हक का शव कमरे के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला। वहीं उसकी पत्नी शहनाज (30), पुत्री तबस्सुम (6), गुलनाज (4) और डेढ़ वर्षीय पुत्र मुईन अली के शव कमरे के अंदर चारपाई पर मृत अवस्था में पाए गए। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि कमरा अंदर से बंद था। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद परिवार के सभी सदस्य मृत पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों एसपी राहुल भाटी और एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने मौके का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारी फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है या फिर हत्या के बाद आत्महत्या की कोशिश की गई है।

घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है, और लोग सदमे में हैं। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।

You missed