बागेश्वर। बागेश्वर जिले के कपकोट मुख्य बाजार क्षेत्र में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के भीतर मानव नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एलआईयू की गुप्त सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के एक मजदूर के रूप में होने की आशंका जताई जा रही है।

रविवार सुबह एलआईयू के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि नगर के मुख्य बाजार में लंबे समय से बंद पड़ी एक निर्माणाधीन इमारत के अंदर मानव कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना कपकोट के एसओ प्रताप सिंह नगरकोटी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने एहतियातन पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

सीओ कपकोट मनीष शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के मजदूर विनोद (लगभग 50-55 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विनोद पिछले काफी समय से कपकोट क्षेत्र में मजदूरी का काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह पहले एक मंदिर में रहता था, लेकिन बाद में बीमार होने के कारण उसने नदी किनारे स्थित इस निर्माणाधीन बिल्डिंग में शरण ले ली थी।

पुलिस के अनुसार मृतक लंबे समय से बीमार था, जिससे उसकी प्राकृतिक मौत होने की आशंका जताई जा रही है। शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत काफी समय पहले हुई होगी।

पुलिस ने कंकाल का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है, ताकि उन्हें घटना की सूचना दी जा सके। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

You missed