देहरादून। अगले माह से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले ही एक सप्ताह के भीतर 5.18 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है। पंजीकरण के आंकड़ों से इस वर्ष भी यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

पर्यटन विभाग ने देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए छह मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की थी। विभाग के अनुसार, अब तक सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं। यहां दर्शन के लिए 1,73,157 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा बदरीनाथ धाम के लिए 1,52,478, गंगोत्री धाम के लिए 97,622 और यमुनोत्री धाम के लिए 95,606 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। यह सभी आंकड़े अभी तक के ऑनलाइन पंजीकरण से जुड़े हैं।

चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। वहीं, 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर में कुल 50 पंजीकरण केंद्र बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।

पिछले वर्ष लगभग 70 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया था, जबकि चारों धामों में दर्शन करने वालों की संख्या करीब 49 लाख रही थी। इस बार शुरुआती पंजीकरण के आंकड़ों को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है।

प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

You missed