देहरादून। उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।
लगातार हो रही वर्षा के कारण कई संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। साथ ही नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
