देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने और संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में तीन नेताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने तीनों नेताओं की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, हाल ही में पिथौरागढ़ में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान हुई कथित अनुशासनहीनता और संगठन विरोधी गतिविधियों को गंभीरता से लिया गया। मामले की समीक्षा के बाद अनुशासन समिति की संस्तुति पर यह कार्रवाई की गई। निष्कासित नेताओं में पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र लुंठी, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी और दीपक लुंठी शामिल हैं।

पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या पार्टी विरोधी गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि पार्टी की एकता और अनुशासन बनाए रखा जा सके।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, वहीं पार्टी के भीतर भी इसे अनुशासन कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

You missed