रुद्रप्रयाग। केदारनाथ-बासुकीताल से ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री जाने वाले ट्रेक रूट पर गए पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल के लापता होने से चिंता बढ़ गई है। दल से संपर्क टूटने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर से चलाया जा रहा सर्च अभियान फिलहाल स्थगित करना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, पांच सदस्यीय दल 25 सितंबर को केदारनाथ-बासुकीताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। दल की योजना बासुकीताल से ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री की ओर जाने की थी। इसके बाद परिजनों का संपर्क दल के सदस्यों से नहीं हो पाया। एक ट्रेकर के परिजन यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी), रुद्रप्रयाग को इसकी सूचना दी।

लापता ट्रेकर्स में 40वीं वाहिनी पीएसी के दो जवान अमित फर्सवाण और नवीन रावत के अलावा उत्तरकाशी में फॉरेस्टर के पद पर तैनात प्रवेश चौहान, जग्गी बगवान निवासी विवेक और केदारनाथ में पशुपालन विभाग से जुड़े संजय सिंह रावत शामिल बताए गए हैं। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने पुलिस नियंत्रण कक्ष और संबंधित वन्यजीव विभाग को जानकारी दी तथा पीएसी के साथ समन्वय स्थापित किया।

लापता ट्रेकर्स की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर की मदद भी ली गई। लेकिन क्षेत्र में लगातार खराब मौसम, बादल और ऊंचाई वाले इलाकों की चुनौती के चलते हवाई सर्च अभियान को रोकना पड़ा। ऐसे में मौसम साफ होने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि दोबारा हवाई तलाश शुरू की जा सके।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है और कई इलाकों में बर्फबारी भी हुई है। हाल ही में उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फंसे ट्रेकर्स और पोर्टरों को भी हेलीकॉप्टरों के माध्यम से सुरक्षित निकाला गया है। ऐसे हालात में लापता दल की तलाश प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है।