देहरादून। राजधानी में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना दून अस्पताल के गेट नंबर पांच के पास हुई, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को गोली लग गई। वहीं दूसरी घटना आराघर के पास हुई, जहां कार सवारों ने दो पुलिसकर्मियों को कुचल दिया।

पहली घटना के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दून अस्पताल के पांच नंबर गेट के पास गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान दिशांत के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल दून अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, युवक को पेट में गोली लगी है और उसकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है। हालत गंभीर होने के कारण उसे रेफ़र कर दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

वहीं, दूसरी ओर आराघर के पास देर शाम एक कार ने दो पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार और उसके सवारों की तलाश शुरू कर दी है।

दोनों घटनाओं से शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

You missed