News : उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं के छात्रों को परीक्षा से पूर्व ऑनलाइन कोचिंग और वर्चुअल क्लासेस से जोड़ने में टैबलेट काफी मददगार साबित होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए धामी सरकार छात्रों को टैबलेट देने की योजना बना रही है, जिसके जरिए वे राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) की ऑनलाइन क्लासेस का लाभ ले सकेंगे।

ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे विषयों पर खास फोकस किया जाएगा। विषय विशेषज्ञ हर दिन 1 से 2 घंटे क्लास चलाकर छात्रों की कमजोरियों को दूर करेंगे, जिससे उन्हें परीक्षा की तैयारी और रिवीजन करने में अतिरिक्त मदद मिलेगी।

News : 1.15 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा इस योजना का फायदा

राज्य के सरकारी और सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में 10वीं व 12वीं कक्षा के 1.15 लाख छात्र-छात्राओं को शीघ्र ही टैबलेट प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के ऐलान के अनुरूप माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके बजट का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।

हर टैबलेट के लिए 20 हजार रुपये की राशि तय की गई है। इस योजना के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के 1,03,700 और सहायता प्राप्त स्कूलों के 11,300 छात्रों को टैबलेट दिए जाएंगे। इनमें 10वीं के 58,500 और 12वीं के 56,500 विद्यार्थी शामिल हैं।

News : सरकारी स्कूलों के छात्रों की हिस्सेदारी अधिक

टैबलेट बांटने की इस योजना से सरकारी स्कूलों के 1,03,700 विद्यार्थियों को लाभ होगा, जिनमें हाईस्कूल के 53,800 और इंटरमीडिएट के 49,900 छात्र हैं। दूसरी ओर, सहायता प्राप्त स्कूलों के 11,300 विद्यार्थियों में 10वीं के 4700 और 12वीं के 6600 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। 20 हजार रुपये प्रति टैबलेट की दर से सरकारी स्कूलों के लिए 207.40 करोड़ रुपये तथा सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए 22.60 करोड़ रुपये की लागत से टैबलेट खरीदे जा रहे हैं।

Also Read : News : अंकिता भंडारी हत्याकांड में फिर गरमाया माहौल; निजी चैट वायरल होने पर माता-पिता ने दी तहरीर, विनोद आर्य पर कार्रवाई की मांग