देहरादून। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। फिल्म के प्रचार-प्रसार और इसके चौथे गीत ‘जागर’ के लोकार्पण के लिए सोमवार को देहरादून स्थित दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फिल्म की उपलब्धियों, उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा की संभावनाओं और लोक संस्कृति के संरक्षण पर चर्चा की गई। साथ ही उत्तराखंड की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं में योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय जसोला ने कहा कि फिल्म ‘ढोली’ को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि प्रदेश की लोक संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि फिल्म को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का सहयोग लिया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पर्यावरणविद् एवं मैती आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह रावत ‘मैती’ ने कहा कि फिल्म को मिला सम्मान केवल फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों का नहीं, बल्कि उत्तराखंड के ढोल वादकों, लोक कलाकारों और पूरे सांस्कृतिक समाज का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में क्षेत्रीय भाषा के सिनेमा को आगे बढ़ाने और युवाओं को फिल्म निर्माण के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विशिष्ट अतिथि एडवोकेट ललित जोशी ने फिल्म के ट्रेलर, संगीत और दृश्यांकन की सराहना की। उन्होंने क्षेत्रीय फिल्मों के प्रचार के लिए बेहतर इवेंट मैनेजमेंट और संस्थाओं के सहयोग से विशेष शो आयोजित करने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने ढोल वादकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा की। वरिष्ठ रंगकर्मी अभि नंदा ने भी अपनी संस्था ‘जागृति संस्था’ के माध्यम से फिल्म के प्रचार में सहयोग देने की बात कही।

फिल्म के निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने निर्माण प्रक्रिया और फिल्म के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें उत्तराखंड की लोक परंपराओं, पहाड़ के जनजीवन और पारंपरिक कलाकारों के योगदान को प्रमुखता से दिखाया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय सम्मान को पूरी टीम और प्रदेश के लोक कलाकारों की सामूहिक उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर उत्तराखंड की कला, संस्कृति और रंगमंच के क्षेत्र में योगदान देने वाले मदन मोहन डुकलान, अमित कपूर, कुलानंद घनशाला, रमाकांत बेंजवाल, मोहन प्रसाद डिमरी, अजय जोशी, चंद्रशेखर तिवारी, नीरा नंदा, दिनेश बौड़ाई, सुनील बडोनी, डॉ. डीके पाण्डे सहित कई लोगों को सम्मानित किया गया। वहीं, रुद्रप्रयाग के पारंपरिक ढोल वादक धनीराम और कुलदीप को भी विशेष रूप से सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम में फिल्म निर्देशक आशु चौहान, बीना बिश्नोई, संतोष डिमरी, प्रतीक पंवार, नवीन कंडवाल और मोहित घिल्डियाल सहित कई कलाकारों एवं संस्कृति प्रेमियों ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन गायत्री टम्टा ने किया। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय भाषा, लोक संगीत और पारंपरिक कलाओं पर आधारित फिल्मों को बढ़ावा देकर उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।