देहरादून। गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें महज तीन महीने की एक बच्ची भी है। हादसा भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई।
जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य गुजरात के कच्छ स्थित रण ऑफ कच्छ घूमने गए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे वे कार से वापस भुज लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे लगे।
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इसके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी हादसे में जान चली गई। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार से जुड़े थे। सौरभ सिंह नेगी गढ़वाल रेजिमेंट में जवान थे।
हादसे के बाद जिला पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
