देहरादून। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने अपनी सुरक्षा में तैनात गनर बदले जाने पर नाराजगी जताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखा है। विधायक ने पूर्व में तैनात गनर को हटाकर नया सुरक्षाकर्मी नियुक्त किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस बदलाव को लेकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई और पुराने गनर को दोबारा तैनात करने की मांग की है। इस मामले में विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

राज्यपाल को भेजे पत्र में हरीश धामी ने आरोप लगाया कि उनकी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को अचानक बदल दिया गया है। विधायक का कहना है कि वह लगातार सरकार से जुड़े मुद्दों और कथित भ्रष्टाचार के मामलों को जनता के बीच उठा रहे हैं। ऐसे समय में उनकी सुरक्षा में बदलाव किए जाने से उन्हें संदेह हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि नए गनर के माध्यम से उनकी गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी सरकार तक पहुंचाई जा सकती है।

विधायक ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि उनकी सुरक्षा में पहले तैनात गनर को दोबारा नियुक्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुराने गनर की तैनाती नहीं की जाती है तो उन्हें नए गनर की भी आवश्यकता नहीं है। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उनकी हत्या की जाती है तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की होगी।

हरीश धामी ने इस मामले को लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि जनहित के मुद्दे उठाना किसी जनप्रतिनिधि का अपराध नहीं है। जनता की समस्याओं और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना उनका दायित्व है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को राजनीतिक दबाव या प्रतिशोध का माध्यम बनाए जाने पर भी आपत्ति जताई है।

गौरतलब है कि हरीश धामी इससे पहले पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में हुए विवाद को लेकर भी चर्चा में रहे थे। कार्यक्रम के दौरान माइक बंद किए जाने के आरोप पर उन्होंने नाराजगी जताई थी, जिसके बाद मंच पर हंगामा हुआ था। गनर बदलने को लेकर राज्यपाल को लिखे पत्र के बाद अब यह मामला प्रदेश की राजनीति में फिर चर्चा का विषय बन गया है।

You missed