देहरादून। वन विभाग के कार्यालयों और वन्यजीवों से जुड़े रिकॉर्ड में रखे गए वन्यजीवों के अंगों की सुरक्षा को लेकर विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। वन्यजीवों के अंग, खाल, सींग, हड्डियां और अन्य संरक्षित अवशेषों के गायब होने की स्थिति में अब संबंधित प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) की ओर से अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
वन विभाग के कार्यालयों में विभिन्न वन्यजीवों के अंग और अवशेष कई बार वन्यजीव अपराधों से जुड़े मामलों, जांच, जब्ती और विभागीय अभिलेखों के तहत सुरक्षित रखे जाते हैं। ऐसे संवेदनशील सामान की सुरक्षा और निगरानी बेहद महत्वपूर्ण है। इनके रखरखाव में लापरवाही या रिकॉर्ड में गड़बड़ी होने से वन्यजीव अपराधों की जांच प्रभावित होने के साथ ही विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ सकते हैं।
हाल ही में लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज में पांच हाथी दांत गायब होने का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल उठे। जांच में रिकॉर्ड रखरखाव और निगरानी से जुड़ी खामियां सामने आने के बाद वन मुख्यालय ने प्रदेशभर में वन्यजीव अंगों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया है।
जारी निर्देशों के अनुसार, सभी वन्यजीव अंगों का तत्काल भौतिक सत्यापन कर उनकी संख्या, माप, पहचान और रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा। इन्हें सुरक्षित, तालाबंद कमरों और लोहे के संदूकों में रखा जाएगा। भंडारण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, अधिकृत व्यक्तियों की पहुंच सुनिश्चित करने और प्रत्येक आवाजाही का रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा, हर महीने अधिकृत अधिकारी औचक निरीक्षण करेंगे। किसी वन्यजीव अंग के गायब होने, बदले जाने या अनधिकृत रूप से हटाए जाने की स्थिति में तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना देनी होगी और प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। विभागीय कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
वन विभाग का यह कदम वन्यजीवों के अवशेषों की सुरक्षा, रिकॉर्ड व्यवस्था में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
