कोटद्वार। सर्दियों के मौसम में जंगल सफारी और वन्यजीवों के दीदार के लिए पर्यटकों की बढ़ती दिलचस्पी के चलते कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सोनानदी और पाखरो जोन में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। इन दोनों जोन में जंगल सफारी के लिए 15 दिसंबर तक की ऑनलाइन बुकिंग पूरी हो चुकी है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से वन विभाग और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों में उत्साह है।
कॉर्बेट क्षेत्र में सर्दियों का मौसम वन्यजीवों के दीदार के लिए अनुकूल माना जाता है। इस दौरान जंगल में वन्यजीवों की गतिविधियां देखने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक पहुंचते हैं। खासकर बाघ, हाथी, हिरण और अन्य वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण में देखने की चाह पर्यटकों को जंगल सफारी की ओर आकर्षित करती है। सोनानदी और पाखरो जोन भी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीवों और शांत वातावरण के लिए पर्यटकों के पसंदीदा क्षेत्र बने हुए हैं।
सफारी के लिए पर्यटकों की बढ़ती मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पर्यटन सत्र के पहले सप्ताह में ही दोनों जोन में 23 जिप्सियों की बुकिंग हुई, जिनके माध्यम से 145 पर्यटकों ने जंगल की सैर की। दिसंबर तक की अग्रिम बुकिंग भी हो चुकी है।
सोनानदी और पाखरो के घने जंगल, नदियां, झरने और विशाल घास के मैदान पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। यहां बाघ, तेंदुए, हाथियों के अलावा विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने का अवसर मिलता है। पर्यटक जंगल सफारी के साथ बर्ड वॉचिंग में भी रुचि दिखा रहे हैं।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की एसीएफ अनामिका बुक्करवाल के अनुसार, पर्यटन सत्र के शुरुआती दिनों में पर्यटकों की अच्छी आमद रही है। वन विभाग की ओर से सुरक्षित सफारी और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय जिप्सी चालकों, गाइड और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
