देहरादून। हल्द्वानी में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा और महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ एक होटल में कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत के मुताबिक, चार युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर और डराकर मुखानी क्षेत्र के एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी शामिल हैं। इनमें धीरज बिष्ट ने हाल ही में एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था।
पुलिस के अनुसार, होटल परिसर का निरीक्षण करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर शुरुआती तौर पर घटना से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं।
वहीं, इस मामले में एबीवीपी ने भी घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संगठन हरसंभव सहायता करेगा।
दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। पार्टी ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के बाद प्रदेश में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
