Dehradun : राजधानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित ‘दून क्लब’ के हांडी रेस्टोरेंट में भारी लापरवाही पकड़ी गई है। संयुक्त जांच टीम ने जब रसोई से लेकर स्टोर रूम तक का मुआयना किया, तो वहां गंदगी, बासी व सड़ी-गली खाद्य सामग्रियां और कॉकरोच-चूहों का जमावड़ा मिला।

इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करने के आदेश दिए हैं और संचालक को कमियां सुधारने के लिए 14 दिनों का इम्प्रूवमेंट नोटिस थमाया है।

राज्य व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (देहरादून) के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रेस्टोरेंट में औचक छापेमारी की। इस दौरान किचन, डीप फ्रीजर, स्टोरेज, बर्तन धोने के स्थान और स्टोर रूम का गहन निरीक्षण किया गया।

Dehradun : फ्रीजर में सड़ रही थीं सब्जियां

जांच के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, शिमला मिर्च, मूली, आलू और पत्तागोभी जैसी सब्जियां सड़ी-गली हालत में पाई गईं। इसके अलावा लगभग दो दिन पुराना पका चावल, दो-तीन दिन पहले गुंथा हुआ आटा और करीब एक हफ्ते पुराने मोमोज व चाउमीन का सामान मिला। खाद्य पदार्थों को बिना ढके खुले में रखा गया था।

किचन और मसालों की अलमारियों में चूहों व कॉकरोच का आतंक दिखा। मसालों के कई पैकेट चूहों द्वारा कुतरे पाए गए और स्टोर रूम में भी उनके मौजूद होने के पुख्ता सबूत मिले।

बर्तन साफ करने की जगह पर बेहद गंदगी पाई गई, जहां तीन-चार दिनों से बासी बर्तन और कचरा जमा था। जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी और नालियां जाम पड़ी थीं। इसके अलावा, रेस्टोरेंट के पास कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल की रिपोर्ट और इस्तेमाल हो रहे पानी की जांच रिपोर्ट जैसे आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।

Dehradun : जांच के लिए भेजे सैंपल

Buनिरीक्षण टीम ने मौके से पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी चिकन करी के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे हैं। वहीं, 15 किलो सड़ी सब्जियां, 5 किलो बासी चावल, 2 किलो मोमोज और बासी चिकन करी को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि सैंपल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने दून क्लब जैसे प्रमुख स्थान पर ऐसी लापरवाही पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी और गणमान्य हस्तियों की आवाजाही वाले इस संस्थान में खाद्य मानकों का सख्त पालन होना अनिवार्य है।

रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को पूरे परिसर की सफाई, पेस्ट कंट्रोल कराने, ड्रेनेज सिस्टम ठीक करने, पानी की जांच कराने और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट पूरे करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

14 दिन की समय सीमा समाप्त होने के बाद टीम दोबारा जांच करेगी। यदि सुधार नहीं पाया गया, तो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाइसेंस निरस्त करने समेत सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

इस छापेमारी दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव, अभिहित अधिकारी मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह शामिल थे। निरीक्षण के समय दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कोई ढील नहीं दी जाएगी।

Also Read : Dehradun : IIM काशीपुर की दिल्ली सिटी मीट ’26: एलुमनाई और उद्योग संपर्क पर जोर