देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। रविवार को भी पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और राज्य में 80 मार्ग यातायात के लिए बंद हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश के तेज दौर आने का अनुमान है।
बारिश के चलते कई पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हुई है। राज्य में कुल 80 मार्ग बंद बताए गए हैं। इनमें अल्मोड़ा में एक, बागेश्वर में नौ, चमोली में 13, देहरादून में पांच, नैनीताल में 15, पौड़ी में तीन, पिथौरागढ़ में 13, रुद्रप्रयाग में 12, टिहरी में छह और उत्तरकाशी में तीन मार्ग शामिल हैं। सड़कें बंद होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं। 28 अगस्त तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है।
लगातार बारिश को देखते हुए लोगों और यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सड़क और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।
