देहरादून। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। केदारनाथ के लिए हेली सेवा 15 सितंबर से दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि सेवा शुरू करने का अंतिम फैसला 14 अगस्त को नई दिल्ली में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में लिया जाएगा।

इस बैठक में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), हेली ऑपरेटरों और मौसम विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में केदारनाथ हेली सेवा के साथ ही चारधाम चार्टर्ड सेवा के संचालन को लेकर भी चर्चा होगी। अधिकारियों के अनुसार, डीजीसीए की अनुमति मिलने के बाद 15 सितंबर से हेली सेवा फिर शुरू की जा सकती है।

इस साल 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही हेली सेवा भी शुरू की गई थी। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से आठ एविएशन कंपनियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को केदारनाथ पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी। मानसून सीजन को देखते हुए डीजीसीए ने हेली सेवाओं के संचालन की अनुमति 25 जून तक ही दी थी। इसके बाद केदारनाथ के लिए हेली सेवा स्थगित कर दी गई थी।

पहले चरण की चारधाम यात्रा में हेली सेवा के जरिए करीब 1.37 लाख तीर्थयात्रियों ने केदारनाथ धाम की यात्रा की। केदारनाथ के लिए हेली सेवा की मांग लगातार अधिक रहती है। यही कारण है कि बुकिंग पोर्टल खुलने के कुछ ही मिनटों में टिकट फुल हो जाते हैं। ऐसे में सितंबर से सेवा दोबारा शुरू होने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।