चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रिहायशी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र के कांडा मैखुरा गांव में रविवार तड़के लगातार बारिश के चलते एक आवासीय मकान भरभराकर ढह गया। राहत की बात यह रही कि मकान गिरने से कुछ समय पहले ही परिवार के सदस्य बाहर निकल आए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखा अधिकाश सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें और नींव कमजोर हो गई थीं। रविवार सुबह अचानक मकान में दरारें बढ़ने लगीं, जिसके बाद परिवार ने खतरे को भांपते हुए तुरंत घर खाली कर दिया। कुछ ही देर बाद पूरा मकान ढह गया। घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू किया। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। साथ ही क्षेत्र के अन्य जर्जर और जोखिम वाले मकानों का भी निरीक्षण कराया जा रहा है, ताकि किसी अन्य दुर्घटना से बचा जा सके।

लगातार हो रही बारिश के कारण चमोली जिले में भूस्खलन, मलबा आने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक कई पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने, जर्जर भवनों में रहने से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की है। फिलहाल प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया है और राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।