देहरादून।  केंद्र सरकार की नई ग्रामीण रोजगार योजना विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM-G) लागू होने के साथ ही ग्रामीण श्रमिकों को बड़ी राहत मिली है। योजना के तहत उत्तराखंड में श्रमिकों की दैनिक मजदूरी में ₹48 की वृद्धि की गई है। अब राज्य के पात्र श्रमिकों को पहले की तुलना में अधिक मजदूरी मिलेगी, जिससे उनकी आय और आजीविका को मजबूती मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को अब साल में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी भी प्रदान की जाएगी।

नई व्यवस्था के अनुसार मजदूरी दरों में बढ़ोतरी का उद्देश्य बढ़ती महंगाई के बीच ग्रामीण श्रमिकों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना है। सरकार का कहना है कि योजना के माध्यम से जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे का विकास, कृषि से जुड़े कार्यों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। इससे गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पलायन को कम करने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पात्र श्रमिकों के पंजीकरण, समय पर भुगतान और कार्यों की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार का मानना है कि बढ़ी हुई मजदूरी और रोजगार के अतिरिक्त दिनों का लाभ सीधे ग्रामीण परिवारों तक पहुंचेगा तथा उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। इस योजना को ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।