हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में बने अमेजन के स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा स्टोर कुछ ही समय में आग की चपेट में आ गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार रात करीब 11:30 बजे स्टोर में आग लग गई। पास स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने धुआं और लपटें उठती देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक स्टोर पूरी तरह जल चुका था।
अग्निकांड के दौरान स्टोर के अंदर मौजूद दो कर्मचारी आग और धुएं की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में की जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।
आग की चपेट में आने से स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान, चार्जिंग में लगी स्कूटी और एक टेंपो भी जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय स्टोर बंद था और कर्मचारी अंदर मौजूद थे।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
