हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी से ‘नशामुक्त उत्तराखंड अभियान’ के तहत आयोजित “रन फॉर अवेयरनेस” रैली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक “साइलेंट वार” की तरह समाज में फैल रहा है, जिसका सबसे बड़ा निशाना युवा शक्ति है। उन्होंने चेतावनी दी कि मजाक-मजाक में शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे जीवन को बर्बादी की ओर ले जाता है और पूरे परिवार को प्रभावित करता है।
धामी ने बताया कि प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी द्वारा 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरित होकर राज्य सरकार मिशन मोड में कार्य कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने हजारों आरोपियों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की है। साथ ही राज्य में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ बनाए गए हैं, जो नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और आह्वान किया कि इस लड़ाई को औपचारिकता नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प के साथ लड़ना होगा। इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों युवाओं ने भी अभियान में भागीदारी निभाई।
