कोटद्वार। कोटद्वार में कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार काम करने के बजाय केवल जुमलेबाजी में विश्वास रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा और उत्तराखंड में इन दिनों अपराध, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर “प्रतिस्पर्धा” चल रही है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब केवल संघर्ष का नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का समय है।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोड्डयाल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बीच विचार और विचारधारा की लड़ाई है, जिसे जनता अब समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि दो कार्यकाल में भाजपा की नीतियों से लोग असंतुष्ट हैं और इस बार जनता पार्टी को करारा जवाब देगी।