टिहरी। टिहरी गढ़वाल के लंबगांव क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। ग्राम क्यारी के पास चारगांव रोड पर एक डंपर अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक और उसके साथ सवार व्यक्ति की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं, जिनकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंपर माजफ क्षेत्र से माल खाली कर वापस लौट रहा था। क्यारी गांव के ऊपर स्थित मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ते समय अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन पर नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

हादसे में डंपर चालक सूरज राठौड़ (44), निवासी बहराइच (उत्तर प्रदेश) और उसके साथ सवार गजेन्द्र सिंह रांगड़ (36), निवासी ग्राम रौणिया गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दोनों घायलों को खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।