चमोली। नंदकेशरी-चिड़िगा मोटर मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब कोठी गांव निवासी दर्शन सिंह (43) अपनी कार से चिड़िगा गांव से घर लौट रहे थे। नंदकेशरी से करीब एक किलोमीटर पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

घटना की सूचना चिड़िगा और तलसारी गांव के स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हालांकि, कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और शव के अंदर फंसे होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला जा सका। रेस्क्यू टीम ने शव को स्ट्रेचर में बांधकर रस्सियों के सहारे खाई से ऊपर खींचा। रात करीब 12 बजे शव को सड़क तक लाया गया, जिसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया।

मृतक के परिजनों ने थराली अस्पताल में ही पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है। दर्शन सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।