देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा पर जाने वाले व्यावसायिक सवारी वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया 23 मार्च से शुरू की जाएगी। यह प्रक्रिया एआरटीओ कार्यालय में 23 मार्च को सुबह 11 बजे से विधिवत रूप से आरंभ होगी।
एआरटीओ रावत सिंह कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालित होने वाले सभी व्यावसायिक सवारी वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। बिना ग्रीन कार्ड के किसी भी वाहन को यात्रा मार्ग पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उठाया गया है।
उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे 23 मार्च से सभी कार्य दिवसों में अपने वाहनों का समय पर निरीक्षण करवाएं और आवश्यक वैध दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर पहुंचकर ग्रीन कार्ड प्राप्त करें। निरीक्षण के दौरान वाहनों की फिटनेस, दस्तावेजों की वैधता और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।
परिवहन विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से यात्रा के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा। प्रशासन ने सभी संबंधितों से सहयोग की अपेक्षा जताई है, ताकि चारधाम यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
