देहरादून। गैस सिलिंडर लेने के लिए गोदामों और गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सिलिंडर वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। प्रशासन ने गोदाम और गैस एजेंसियों से सीधे सिलिंडर वितरण पर रोक लगा दी है। इस संबंध में देर शाम अपर जिलाधिकारी की ओर से आदेश जारी किए गए।

जिला प्रशासन के अनुसार, हाल के दिनों में गैस गोदामों और एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग रही थीं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के गोदामों से सीधे सिलिंडर नहीं दिया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत अब रसोई गैस केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाएगी। हालांकि, यदि कोई उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से अपनी गैस बुकिंग नहीं कर पा रहा है तो वह संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बुकिंग करा सकता है, लेकिन सिलिंडर वहीं से नहीं दिया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना और उपभोक्ताओं को सुविधाजनक तरीके से गैस उपलब्ध कराना है। साथ ही गैस वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की गई है।

जिले की 70 गैस एजेंसियों पर निगरानी रखने के लिए 30 अधिकारियों को नामित किया गया है। यह अधिकारी गैस वितरण की व्यवस्था पर नजर रखेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि एजेंसियों द्वारा नियमानुसार घर-घर गैस की डिलीवरी की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि उपभोक्ताओं को गैस प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

You missed