देहरादून। सोमवार से शुरू होने जा रहे विधानसभा बजट सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सत्र के शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन के लिए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर में आने वाले जनप्रतिनिधियों और अन्य महानुभावों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी कर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।

ब्रीफिंग के दौरान विधानसभा गेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए कि परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन जांच की जाए। केवल अधिकृत व्यक्तियों और वैध पासधारकों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की संभावना न रहे।

इसके साथ ही पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान अपना व्यवहार संयमित और मर्यादित बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ शालीनता से व्यवहार किया जाए। साथ ही यदि किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल अपने प्रभारी अधिकारी को इसकी सूचना दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन के अनुसार विधानसभा बजट सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

You missed