देहरादून। देहरादून में शादी के महज तीन महीने बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था। मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विवाह के समय उनकी ओर से ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दान-दहेज दिया गया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनकी बहन को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे।
परिजनों का आरोप है कि 18 फरवरी 2026 को कहकशा ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। वहीं 3 मार्च की रात करीब 11 बजे भी उसने फोन कर कहा था कि पति, सास, ससुर, देवर और ननद उस पर रुपये लाने का दबाव बना रहे हैं।
परिवार के अनुसार, उसी रात करीब 1:30 बजे ससुर यासीन का फोन आया और बताया गया कि कहकशा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन देहरादून पहुंचे, जहां अस्पताल में उन्हें पता चला कि ससुराल पक्ष महिला को मृत अवस्था में लेकर आया था।
मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने दहेज के लालच में कहकशा की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
