देहरादून। उत्तराखंड में फरवरी के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही मौसम में स्पष्ट बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय तेज धूप खिल रही है, जिससे अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
बुधवार को देहरादून में चटक धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय गर्मी का अहसास होने लगा है, हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस मोहकमपुर (देहरादून) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस मुक्तेश्वर (नैनीताल) में रिकॉर्ड किया गया। अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। साथ ही शीतलहर या कोल्ड डे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हरिद्वार में भी दिन के समय तेज धूप से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार, धर्मनगरी में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएम तोमर ने बताया कि फिलहाल राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
