हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। बरेली रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने ही बीमार सगे भाई की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार आधी रात की है। बरेली रोड निवासी संदीप जायसवाल देर रात घर पहुंचा और अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल से विवाद करने लगा। सोनू लंबे समय से लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। एसएचओ विजय सिंह मेहता ने बताया कि संदीप ने भाई की बीमारी को लेकर उसे ताने मारने शुरू कर दिए और आरोप लगाया कि उसकी बीमारी के चलते पूरा परिवार आर्थिक रूप से बर्बाद हो गया है।
विवाद बढ़ने पर संदीप ने घर में रखा लकड़ी का तख्त उठाया और सोनू पर ताबड़तोड़ वार किए। वह तब तक पीटता रहा जब तक सोनू बेहोश होकर जमीन पर गिर नहीं पड़ा। बीच-बचाव के लिए आई मां और भतीजी को भी आरोपी ने धमकाया और कमरे में बंद कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी संदीप भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पास ही दबोच लिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की भतीजी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मेडिकल जांच के बाद आरोपी को हिरासत में रखा गया है और बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि संदीप का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2014 में वह एक कारोबारी की हत्या के मामले में जेल की सजा काट चुका है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
