नैनीताल के मल्लीताल में मोहन को चौराहे पर स्थित 1863 में बने ओल्ड लंदन हाउस में आग लगने से हड़कंप मच गया। घर की ऊपरी मंजिल में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। जिसमें झुलसने से प्रसिद्ध इतिहासकार की बहन की मौत हो गई।

नैनीताल में ओल्ड लंदन हाउस में लगी भीषण आग

मिली जानकारी के मुताबिक ओल्ड लंदन हाउस में देर रात आग लग गई। घर में आग लगने से यहां रह रही इतिहासकार प्रो. अजय रावत की बहन शांता बिष्ट (86) की आग में जलकर मौत हो गई। आग बुझाने के बाद उनका शव बरामद किया गया। शांता बिष्ट यहां अपने बेटे के साथ रहती थी।

 ढाई घंटे बाद पाया गया आग पर काबू

बताया जा रहा है कि रात करीब 9:54 बजे आग लगने की खबर आस-पास के लोगों को मिली। जिसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी औऱ घर के अंदर फंसे कुछ लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

पुलिस और फायर टीम के पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। जिसे देखते हुए पुलिस ने आस-पास के घरों और दुकानों को भी खाली करवा दिया। इसके साथ ही इलाके की बिजली भी बंद करवाई। आग लगने की सूचना के करीब ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।