सीएम धामी

देशभर में आज कारगिल विजय दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। सीएम धामी ने भी आज कारगिल विजय दिवस पर शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सीएम धामी ने बड़ी घोषणा भी की है। प्रदेश के दो जिलों में सैनिक विश्राम गृह बनाए गए हैं।

प्रदेश के दो जिलों में बनाए जाएंगे विश्राम गृह

कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने चमोली जिले के कालेश्वर में ई.सी.एच.एस एवं सैनिक विश्राम गृह का निर्माण किए जाने और नैनीताल में सैनिक विश्राम गृह बनाए जाने की घोषणा की।

पूर्व सैनिकों को रोजगार के लिए भेजा जाएगा विदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि उपनल के माध्यम से पूर्व सैनिकों को रोजगार के लिए विदेश भेजा जाएगा। जिसमें 50 प्रतिशत सिविलियन भी होंगे। उपनल के माध्यम से राज्य के 22500 लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। जिनकी विनियमितीकरण की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

वीर शहीद जवानों को देश हमेशा रखेगा याद

सीएम धामी ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कारगिल की घाटियों, पहाड़ों और हवाओं में भारत के जवानों का दुश्मन के खिलाफ किया गया युद्ध, आज भी उसी वेग से गूंज रहा है। कारगिल युद्ध के दौरान भारत के शूरवीरों ने अदम्य साहस, उत्कृष्ट रणनीति, अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मनों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था।