देहरादून सड़क हादसा

देहरादून में बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर पैदल चल रहे छह लोगों को कुचल दिया था। जिसमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि दो लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद से ही चालक कार के साथ फरार चल रहा है। इसी बीच पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। दून पुलिस ने कार को बरामद कर लिया है।

देहरादून में चार लोगों को कुचलने वाली गाड़ी मिली

हादसे के बाद से ही पुलिस कार और कार चालक की तलाश में जुट गई थी। कार के बारे में जानकारी जुटाने पर  वाहन के दिल्ली से क्रय किए जाने की जानकारी मिली। जिसके बाद रात को ही देहरादून पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची और इसकी जानकारी ली। जबकि पुलिस की एक टीम चंडीगढ़ पहुंची और वाहन के मालिक के बारे में जानकारी जुटाई। रातभर खोजबीन करने के बाद कार को सहस्त्रधारा क्षेत्र में खाली प्लॉट से बरामद कर लिया गया है।

जल्द कर लिया जाएगा आरोपी को गिरफ्तार

पुलिस का कहना है कि वाहन के स्वामी के संबंध में पुलिस द्वारा पूर्ण जानकारी मिल गई है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।