सितारगंज। उत्तराखंड में विदेश भेजने के नाम पर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खटीमा रोड स्थित केडी इमिग्रेशन नामक फर्म पर एक युवती से 17.50 लाख रुपये ठगने और धोखे से तुर्की भेजने का आरोप लगा है। पीड़िता अमनजहां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फर्म का संचालक करनदीप सिंह उसे यूके भेजने का दावा कर रहा था, लेकिन एजेंट ने भारी रकम लेने के बाद तुर्की का वीज़ा थमा दिया।

अमनजहां का कहना है कि तुर्की भेजने से पहले उसे 11 दिन तक दिल्ली में एक अज्ञात स्थान पर रोककर रखा गया। तुर्की पहुंचते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और हालात इतने खराब हो गए कि उसे जेल जाने तक की नौबत आ गई। किसी तरह उसने अपने खर्च पर भारत लौटकर जान बचाई।

भारत लौटने पर जब युवती ने करनदीप सिंह से पैसे वापस मांगे तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। आरोप है कि करनदीप की पत्नी इकनीत कौर, पार्टनर अभय सिंह और इंदरजीत कौर भी इस गैंग का हिस्सा हैं। पीड़िता ने यह भी बताया कि इंदरजीत कौर ने पैसे मांगने पर उसे झूठे छेड़छाड़ के केस में फंसाने की धमकी दी। साथ ही, करनदीप के पिता गुरतेज सिंह की भी इस फर्जीवाड़े में संलिप्तता बताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसआई विक्रम सिंह धामी के अनुसार, पीड़िता द्वारा दिए गए दस्तावेज़ और सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

You missed