देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
लगातार बारिश के कारण प्रदेशभर में 115 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और सड़कों पर मलबा आने से यातायात बाधित है। लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सड़कें खोलने के कार्य में जुटी हैं, लेकिन लगातार बारिश राहत कार्य में चुनौती बनी हुई है।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, नैनीताल सहित कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों से सतर्क रहने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
राज्य आपदा प्रबंधन, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।
