देहरादून। रानीपोखरी में प्रस्तावित विधि विश्वविद्यालय को लेकर जारी चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा के शुभारंभ के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में विधि विश्वविद्यालय की स्थापना उनकी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार इस दिशा में पहले से ही निर्णय ले चुकी है और जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि वे “फैब्रिकेटेड बातें” करने में विश्वास नहीं रखते और न ही सस्ती लोकप्रियता के लिए कोई कदम उठाते हैं। उनका फोकस केवल ठोस और स्थायी काम करने पर है।

धामी ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने उन्हें इस मामले से जुड़ी सभी जानकारियां दी हैं। सरकार इस मुद्दे पर सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए बेहतर समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने राजनीतिक बयानबाजी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “जो लोग राजनीति करना चाहते हैं, उन्हें कुछ समय राजनीति करने दीजिए,” लेकिन सरकार अपने काम पर पूरी तरह केंद्रित है।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि टिहरी और बांध विस्थापितों की समस्याएं भी सरकार की प्राथमिकता में हैं। उनके हितों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संतुलित और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

सीएम धामी के इस बयान के बाद रानीपोखरी में प्रस्तावित लॉ यूनिवर्सिटी को लेकर स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।

You missed